थाईलैंड: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर के एक पब में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय पब में मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग और घने धुएं के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।
इस हादसे में अब तक कम से कम 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 63 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहीं मलबे और धुएं से भरे परिसर से मृतकों के शव भी बरामद किए गए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
