राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर किया राजनीतिक नाटक

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर किया राजनीतिक नाटक

Spread the love

नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद परिसर में अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर एक सांकेतिक राजनीतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने एक प्रतीकात्मक नाटक प्रस्तुत किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

वीडियो में पप्पू यादव साधु के वेश में दिखाई देते हैं। उनके हाथ में भगवान श्रीराम की तस्वीर और एक दानपेटी होती है। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के कई सांसद दानपेटी में सांकेतिक रूप से चंदा डालते नजर आते हैं।

राहुल गांधी ने भी चढ़ाया सांकेतिक चंदा

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले श्रीराम की तस्वीर को प्रणाम करते हैं और उसके बाद दानपेटी में सांकेतिक रूप से चढ़ावा डालते दिखाई देते हैं। इस दौरान विपक्षी सांसद “चोरी नहीं चलेगी”“दान की चोरी नहीं चलेगी” और “चंदा चोर” जैसे नारे लगाते रहे।

वीडियो में आगे पप्पू यादव दानपेटी लेकर भागते हुए नजर आते हैं, जबकि अन्य सांसद सांकेतिक रूप से उन्हें रोकने और दानपेटी वापस लेने की कोशिश करते दिखाई देते हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर विपक्ष की मांग

विपक्ष अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर संसद में चर्चा की मांग कर रहा है। इसी मुद्दे को उठाने के लिए पप्पू यादव ने संसद के बाहर यह सांकेतिक प्रदर्शन किया।

पप्पू यादव ने क्या कहा?

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “राम-राम जपियो रे, पूरा माल हड़पियो रे। मेरे जीवन में राम हैं। राम हमारे विचारों, चरित्र और मन में हैं। देश के जीवन में राम हैं। फिर राम और पूरे देश के साथ गद्दारी की गई। राहुल गांधी का चंदा भी चुरा लिया गया, लेकिन कांग्रेस और अन्य दलों ने मुझे पकड़ लिया।”

मानसून सत्र में फिर हुआ हंगामा

उधर, संसद के मानसून सत्र के दसवें दिन भी कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच हंगामा देखने को मिला। शोर-शराबे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

संबंधित पोस्ट