श्रीलंका: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों का मैदान से बाहर मस्ती भरा अंदाज देखने को मिला। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें वह साथी खिलाड़ी सरफराज खान के बाल काटने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
भारतीय टीम इस समय श्रीलंका में मौजूद है, जहां उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल मेंशुरू होगा। टेस्ट से पहले खिलाड़ी प्रैक्टिस के साथ-साथ अपने खाली समय में जमकर मस्ती भी कर रहे हैं।
सरफराज के बाल काटने लगे सिराज
दरअसल, सरफराज खान, शुभमन गिल और ऋषभ पंत श्रीलंका के हेयरस्टाइलिस्ट चतुरंगा के सैलून पहुंचे थे। इसी दौरान मोहम्मद सिराज भी वहां मौजूद थे। सिराज ने अचानक ट्रिमर उठाया और सरफराज खान के बाल काटने की कोशिश करने लगे।
वीडियो में सिराज काफी मस्ती के मूड में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सरफराज के बालों पर ट्रिमर चलाने से पहले हेयरस्टाइलिस्ट चतुरंगा से ट्रिमर की सेटिंग के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सरफराज के बालों पर हाथ आजमाया।
हालांकि, सरफराज का पूरा हेयरकट हेयरस्टाइलिस्ट चतुरंगा ने ही किया। इस दौरान शुभमन गिल और ऋषभ पंत समेत टीम के अन्य खिलाड़ी भी इस मजेदार पल का हिस्सा बने। सरफराज और ऋषभ पंत ने हेयरस्टाइलिस्ट के काम की तारीफ भी की।
श्रीलंका दौरा सरफराज के लिए अहम
सरफराज खान के लिए श्रीलंका का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुरुआत में उन्हें टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली थी, लेकिन साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया।
सरफराज ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।
अब देखना होगा कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।
बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज पर बड़ी जिम्मेदारी
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज पर भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी बढ़ गई है। बुमराह फिटनेस कारणों से श्रीलंका टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।
ऐसे में सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और आकिब नबी भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी विकल्प हैं। गॉल की परिस्थितियों में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को रोकना भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
फिलहाल टेस्ट सीरीज से पहले सिराज और सरफराज का यह मस्ती भरा अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
