PoK चुनाव में विरोध और बहिष्कार का असर, कई बूथों पर नहीं पड़ा एक भी वोट

PoK चुनाव में विरोध और बहिष्कार का असर, कई बूथों पर नहीं पड़ा एक भी वोट

Spread the love

मुजफ्फराबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में सोमवार को हुए विधानसभा चुनाव में विरोध और बहिष्कार का असर साफ दिखाई दिया। बाग और हवेली जिलों की चार विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा और कुछ बूथों पर एक भी वोट नहीं पड़ा।

हालांकि, कुछ वीवीआईपी मतदान केंद्रों पर लोगों ने मतदान किया। मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग के आरोपों को लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी देखने को मिला।

कई मतदान केंद्रों पर नहीं पड़ा एक भी वोट

सोमवार को बाग और हवेली जिलों की चार विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इनमें बाग-4 सीट भी शामिल है, जहां PoK के मौजूदा प्रधानमंत्री फैसल मुमताज राठौड़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

शाम साढ़े पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद सभी सीटों पर मतगणना शुरू कर दी गई। इसी दौरान बाग-2 विधानसभा सीट के कई मतदान केंद्रों पर पूरे दिन एक भी वोट नहीं पड़ने की जानकारी सामने आई।

मलोट इलाके के बॉयज प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 114 पर एक भी वोट नहीं पड़ा। इसी तरह गवर्नमेंट बॉयज हाई स्कूल बारा बाड़ी और बारा बाड़ी पश्चिम स्कूल के मतदान केंद्रों पर भी लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।

बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर भिड़े PML-N और PPP कार्यकर्ता

मतदान के बहिष्कार के बीच बूथ कैप्चरिंग के आरोपों को लेकर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की खबर सामने आई।

वहीं, बाग में मतदान के दौरान कुछ लोग अपने घरों से बाहर निकले और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मतदान के बहिष्कार के समर्थन में नारे भी लगाए।

बाग-1 सीट पर साजिद इकबाल की जीत

PoK की चार विधानसभा सीटों पर मतगणना के दौरान बाग-1 सीट का परिणाम सामने आ चुका है। यहां अवामी दस्त-ओ-बाजू पार्टी के साजिद इकबाल ने PoK के दो बार प्रधानमंत्री रह चुके और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सरदार अतीक खान को हरा दिया।

वहीं, बाग-4 सीट पर मौजूदा प्रधानमंत्री फैसल मुमताज राठौड़ आगे चल रहे हैं। बाग-2 सीट पर PPP के जिया उल कमर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बाग-3 सीट पर PML-N के सरदार मीर अकबर खान आगे चल रहे हैं।

PML-N बहुमत के आंकड़े के पार

PoK में दो चरणों में हुए चुनाव में PML-N पहले ही बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है। चुनाव आयोग की ओर से चारों सीटों के आधिकारिक आंकड़े मंगलवार दोपहर तक जारी किए जाने की उम्मीद है।

अब नजर उन सात विधानसभा सीटों पर है, जहां अभी चुनाव होना बाकी है। इन क्षेत्रों में जारी विरोध और तनाव के बीच यह देखना अहम होगा कि आने वाले दिनों में इन सीटों पर मतदान कराया जाता है या PoK में PML-N की सरकार बनने और हालात सामान्य होने के बाद चुनाव कराए जाते हैं।

संबंधित पोस्ट