मुंबई: अभिनेता और फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने अपने पिता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख को उनकी 14वीं पुण्यतिथि पर याद किया। रितेश ने सोशल मीडिया पर पिता के साथ बिताए पुराने पलों की एक तस्वीर साझा की और भावुक संदेश के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं।
पुरानी तस्वीर के साथ रितेश ने किया पिता को याद
रितेश द्वारा शेयर की गई तस्वीर में वह अपने पिता विलासराव देशमुख के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर में दोनों एक-दूसरे की तरफ देखते हुए मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं। इस खास तस्वीर के साथ रितेश ने लिखा, “आपको गए 14 साल हो गए, लेकिन मेरा वनवास अभी तक खत्म नहीं हुआ।”
रितेश की इस पोस्ट ने फैंस को भी भावुक कर दिया। उनकी पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए टूटे दिल वाली इमोजी शेयर की।
राजनीति में रहा विलासराव देशमुख का लंबा सफर
विलासराव देशमुख महाराष्ट्र के 14वें मुख्यमंत्री थे। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर दो बार जिम्मेदारी संभाली। उनका पहला कार्यकाल 1999 से 2003 तक और दूसरा कार्यकाल 2004 से 2008 तक रहा।
राज्य की राजनीति के अलावा विलासराव देशमुख ने केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री और पृथ्वी विज्ञान मंत्री के पद पर भी रहे।
विलासराव देशमुख का 2012 में 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
‘राजा शिवाजी’ में दिखा रितेश का नया अंदाज
रितेश देशमुख लगातार एक्टिंग के साथ-साथ फिल्म निर्माण और निर्देशन में भी सक्रिय हैं। हाल ही में वह ‘लॉक अप 2’ को होस्ट करते नजर आए। इससे पहले उन्होंने ‘धमाल 4’ में भी काम किया।
रितेश की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ भी सुर्खियों में रही। इस प्रोजेक्ट में उन्होंने अभिनय के साथ निर्देशन की कमान भी संभाली। फिल्म में अभिषेक बच्चन, भाग्यश्री, जेनेलिया देशमुख, संजय दत्त, फरदीन खान और विद्या बालन जैसे कलाकार नजर आए। सलमान खान ने भी फिल्म में कैमियो किया।
