पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ी

Spread the love

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। हाल ही में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित खतरे की जानकारी मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री की आवाजाही के लिए बुलेटप्रूफ वाहन के इस्तेमाल को अनिवार्य किया गया है।

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है।

STF ने दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार

एसटीएफ ने हाल ही में हमीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों के कथित संबंध आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान स्थित कथित आतंकवादी-अपराधी समूह ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN)’ से होने की बात सामने आई है।

हमीम मंडल को पूर्वी बर्दवान जिले के बर्दवान शहर से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसके पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दैनिक कार्यक्रम और आवाजाही से जुड़े कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा कारणों से बुलेटप्रूफ वाहन का होगा इस्तेमाल

राज्य पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके काफिले में बुलेटप्रूफ गाड़ी पहले से शामिल थी। हालांकि, शुभेंदु अधिकारी आम लोगों से सीधे मिलने-जुलने के लिए अक्सर सामान्य वाहन का इस्तेमाल करना पसंद करते थे।

अधिकारी ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा इनपुट और संभावित खतरे को देखते हुए अब मुख्यमंत्री को बुलेटप्रूफ वाहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।

करीबी सहयोगी की हत्या के बाद बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि 6 मई को मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले उनकी कार का रास्ता रोका और फिर मोटरसाइकिल से आए बदमाशों ने करीब से गोलीबारी कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा कर रही हैं।

संबंधित पोस्ट