मुंबई: अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय के लिए अक्सर चर्चा में रहती हैं। CJP प्रोटेस्ट के दौरान सोनाक्षी ने खुलकर अपनी राय रखी थी और सवाल भी उठाए थे। उन्होंने सोनम वांगचुक के समर्थन में भी आवाज उठाई थी, जिसके बाद वह काफी सुर्खियों में रही थीं।
हालांकि, झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उनकी कथित चुप्पी के बीच अब उनके पिता और दिग्गज अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मुद्दे पर बात की है। उन्होंने सोनाक्षी के राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।
क्या राजनीति में आएंगी सोनाक्षी?
एबीपी न्यूज से बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा से पूछा गया कि सोनाक्षी ने CJP प्रोटेस्ट के दौरान जिस तरह खुलकर समर्थन किया था, क्या उन्हें लगता है कि वह भविष्य में राजनीति में कदम रख सकती हैं?
इस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “मैं कह नहीं सकता, पहले तो मैं पूछता भी था।” इसके बाद उन्होंने बेटी की तारीफ करते हुए कहा, “मैं यही कह सकता हूं कि वो बेहद काबिल पिता की बेहद काबिल बेटी हैं।”
शत्रुघ्न सिन्हा के इस बयान से साफ है कि फिलहाल सोनाक्षी के राजनीति में आने को लेकर उन्होंने कोई निश्चित जानकारी नहीं दी है।
सोनाक्षी के सपोर्ट का किया जिक्र
शत्रुघ्न सिन्हा ने बातचीत के दौरान बताया कि सोनाक्षी ने कुछ दिन पहले झारखंड के बच्चों के लिए भी मजबूत समर्थन व्यक्त किया था। उन्होंने बेटी की सामाजिक मुद्दों पर सक्रियता का जिक्र करते हुए उसके रुख का बचाव किया।
सोनाक्षी इससे पहले कई सामाजिक मुद्दों पर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों के जरिए अपनी राय रख चुकी हैं।
सोनाक्षी को ट्रोल करने वालों पर भड़के शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनाक्षी के खिलाफ होने वाली ट्रोलिंग में पेड ट्रोलर्स शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की आईटी सेल सोनाक्षी के खिलाफ ट्रोलिंग करवाती है और यह ऑर्गेनिक ट्रोलिंग नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे पेड ट्रोलर्स को खुद नहीं पता होता कि उन्हें क्या कहना है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि सोनाक्षी इन ट्रोल्स को ज्यादा महत्व नहीं देतीं और उनका कहना है कि वह ऐसी चीजों को देखती ही नहीं हैं।
आखिरी बार ‘सिस्टम’ में नजर आई थीं सोनाक्षी
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा को आखिरी बार ओटीटी पर रिलीज हुई ‘सिस्टम’ में देखा गया था। यह एक लीगल ड्रामा थी, जिसमें उन्होंने वकील का किरदार निभाया था।
फिलहाल सोनाक्षी के आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
