नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार से मिले आश्वासन के बाद गुरुवार देर रात अपना 26 दिनों से जारी भूख हड़ताल समाप्त कर दिया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने जूस पीकर अपना अनशन तोड़ा। सरकार और आंदोलनकारियों के बीच पूरे दिन चली बातचीत के बाद इस पर सहमति बनी।
अमित शाह की बैठक के बाद बनी सहमति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रों के आंदोलन के तेज होने और सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ करीब चार घंटे तक बैठक की।
बैठक के बाद डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करने का भी अनुरोध किया।
सरकार का आश्वासन पत्र लेकर अस्पताल पहुंचे मंत्री
शाम को जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे और सरकार की ओर से आश्वासन पत्र सौंपा। मंत्रियों ने बताया कि सरकार शुक्रवार को CJP प्रतिनिधिमंडल को किसी निष्पक्ष स्थान पर बातचीत के लिए आमंत्रित करेगी।
इससे पहले CJP नेतृत्व ने सरकार का जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय में बैठक का प्रस्ताव ठुकराते हुए जंतर-मंतर या किसी अन्य निष्पक्ष स्थान पर वार्ता की मांग की थी। सरकार और आंदोलनकारियों के बीच सीधी बातचीत भी सोनम वांगचुक की प्रमुख मांगों में शामिल थी।
अगले सप्ताह संसद में आ सकता है नया विधेयक
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक को भरोसा दिलाया गया कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) से संबंधित नया विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जा सकता है। इस प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की भी संभावना जताई गई।
छात्रों पर केस नहीं, मुआवजे पर भी सकारात्मक संकेत
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई 2026 के संसद मार्च में शामिल छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज नहीं करने के मुद्दे पर सकारात्मक रुख रखती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पहले ही संसद में पेपर लीक और परीक्षा सुधार पर चर्चा कराने का आश्वासन दे चुकी है। साथ ही हाल के NEET पेपर लीक मामलों से जुड़े आत्महत्या पीड़ितों के परिवारों को उचित मुआवजा देने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक विचार किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने दी जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं
अनशन समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए सोनम वांगचुक से डॉक्टरों की सलाह का पालन करने और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
लद्दाख लौटने से पहले छात्रों से करेंगे मुलाकात
अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने कहा कि अब उनकी इच्छा लद्दाख लौटने की है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि लौटने से पहले वह आंदोलन से जुड़े छात्रों और समर्थकों से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने छात्रों से सरकार के आश्वासनों पर भरोसा बनाए रखने, शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने और किसी भी असामाजिक तत्व को आंदोलन का हिस्सा न बनने देने की अपील की।
सरकार ने समाधान का दिया भरोसा
सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान सरकार ने सोनम वांगचुक की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का संकेत दिया है। साथ ही उनकी सेहत और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जल्द समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का भरोसा भी दिया।
