मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने बॉडी शेमिंग और सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर खुलकर बात की है। जय मदान के पॉडकास्ट में पहुंचीं स्वरा ने अपनी इंटरफेथ मैरिज, मां बनने के बाद शरीर में आए बदलाव और सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
‘आपको किसने बुलाया है मेरे पेज पर?’
पॉडकास्ट के दौरान जब स्वरा से बॉडी शेमिंग को लेकर पूछा गया कि वह इसे कैसे हैंडल करती हैं, तो उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा, “इतने वेल्ले बैठे हो भाई, तुम्हें क्या है किसी और का क्या वेट है। मेरी जिंदगी आपकी आंखों के लिए नहीं चल रही है। आपको अगर सेक्सी लड़कियां देखनी हैं तो कोई दूसरा पेज जाकर देखो ना। आपको किसने बुलाया है मेरे पेज पर?”
स्वरा ने कहा कि उनका करीब ढाई साल पहले बच्चा हुआ है और मां बनने के बाद महिला के शरीर में बदलाव आना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जिंदगी का काम ही बदलना है और उम्र के साथ बदलाव को स्वीकार किया जाना चाहिए।
‘मेरा वजन कम नहीं करूंगी’
एक्ट्रेस ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में युवावस्था को बनाए रखने का काफी दबाव रहता है और इसके लिए बोटॉक्स, इंजेक्शन और प्लास्टिक सर्जरी तक का सहारा लिया जाता है। लेकिन उनके मुताबिक जीवन का स्वाभाविक रूप से बदलना ठीक है।
स्वरा ने कहा कि वह अब अपने वजन को लेकर किसी दबाव में नहीं आएंगी। उन्होंने कहा, “मैं भी जिद्दी हूं और मैं अब अपना वजन कम नहीं करूंगी और ऐसे ही मोटी रहूंगी। मैं इंस्टाग्राम पेज पर ऐसे ही हैप्पी हिप्पो की तरह ही दिखूंगी।”
मुस्लिम से शादी के बाद वजन बढ़ने पर हुई ट्रोलिंग
स्वरा ने अपने पति फहाद अहमद के साथ चुनाव प्रचार के दौरान की एक घटना भी साझा की। उन्होंने बताया कि उस दौरान वह काफी व्यस्त थीं और बिना मेकअप के एक कार्यक्रम में चली गई थीं। उनकी टीम ने उनकी बिना मेकअप वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी।
एक्ट्रेस के मुताबिक, उस तस्वीर को लेकर उन्हें आज भी ट्रोल किया जाता है। कुछ लोगों ने उनकी पुरानी तस्वीरों की तुलना करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उनके मुस्लिम पति से शादी को उनके वजन और लुक से जोड़ दिया।
स्वरा ने बताया कि इस ट्रोलिंग के बाद उनके पति फहाद अहमद भी परेशान हो गए थे।
मां बनने के बाद महिलाओं पर बढ़ता है दबाव
स्वरा ने कहा कि महिलाओं पर हमेशा अच्छा दिखने और अपने लुक को लेकर एक अलग तरह का सामाजिक दबाव बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चे को जन्म देने के बाद महिला पहले ही कई शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरती है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद वजन कम करने का दबाव और बढ़ जाता है। स्वरा ने यह भी कहा कि अगर कोई महिला बच्चे को ब्रेस्टफीड करा रही है तो उसे ज्यादा कैलोरी की जरूरत होती है।
एक्ट्रेस ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें सही जानकारी और परिवार का पूरा सपोर्ट मिला।
फहाद अहमद से की है शादी
स्वरा भास्कर ने 16 फरवरी 2023 को समाजवादी पार्टी के नेता और सोशल एक्टिविस्ट फहाद अहमद के साथ Special Marriage Act के तहत कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद सितंबर 2023 में दोनों ने अपनी बेटी राबिया का स्वागत किया।
स्वरा की पॉडकास्ट में कही गई बातें अब सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, खासकर उनके बॉडी शेमिंग और ट्रोलिंग को लेकर दिए गए बेबाक जवाब की।
