मुंबई: रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ (The Traitors) सीजन 2 का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। पहले सीजन की सफलता के बाद शो एक बार फिर नए ट्विस्ट, रणनीति और रोमांच के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। इस बार भी शो को करण जौहर होस्ट करते नजर आएंगे।
ट्रेलर में दिखी सस्पेंस और गेम की झलक
रिलीज हुए ट्रेलर में दर्शकों को एक बार फिर उसी शाही महल की दुनिया में ले जाया गया है, जहां हर चेहरा भरोसेमंद नहीं और हर बातचीत के पीछे कोई नया राज छिपा हो सकता है।
ट्रेलर में करण जौहर कहते हैं, “ये महल सपने जैसा लगता है… और मैं उस सपने को बुरे सपने में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता।” इस डायलॉग के साथ शो के नए सीजन का सस्पेंस और रोमांच साफ नजर आता है।
पहले से ज्यादा कठिन होंगे टास्क
मेकर्स के मुताबिक, इस बार कंटेस्टेंट्स को पहले से ज्यादा कठिन टास्क, ‘सर्कल ऑफ शक’ जैसे तनावपूर्ण मुकाबलों और टावर में होने वाले ‘मर्डर’ जैसे गेम ट्विस्ट का सामना करना होगा।
गेम में Innocents और Traitors के बीच असली जंग देखने को मिलेगी। इनोसेंट्स को ट्रेटर्स की पहचान कर उन्हें बाहर करना होगा, जबकि ट्रेटर्स अपनी पहचान छिपाकर एक-एक कर इनोसेंट्स को गेम से बाहर करने की कोशिश करेंगे।
शो में नजर आएंगे ये 21 सेलिब्रिटी
‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 में कुल 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट हिस्सा ले रहे हैं। इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान), अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी शामिल हैं।
कब और कहां देखें?
‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त को Prime Video पर होगा। इसके बाद नए एपिसोड हर गुरुवार स्ट्रीम किए जाएंगे।
करण जौहर ने क्या कहा?
करण जौहर ने शो को लेकर कहा कि पहले सीजन को दर्शकों का शानदार प्यार मिला और उसने रियलिटी कंटेंट में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि दूसरे सीजन में गेम को पहले से बड़ा, ज्यादा शार्प और ज्यादा अनप्रेडिक्टेबल बनाया गया है। साथ ही इस बार खिलाड़ी भी गेम के ट्विस्ट और ट्रैप से पहले से ज्यादा वाकिफ हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है।
