मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में नवजात शिशु की कथित खरीद-बिक्री का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवजात के माता-पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही कथित खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किए जा रहे 1.50 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
4.50 लाख रुपये में हुई थी कथित डील
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, नवजात की कथित खरीद-बिक्री की डील 4.50 लाख रुपये में हुई थी। आरोप है कि बिचौलियों ने बच्चे के माता-पिता को पूरी रकम देने के बजाय सिर्फ 1.50 लाख रुपये दिए।
बाकी रकम को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो कथित नवजात खरीद-बिक्री का मामला सामने आया।
नवजात के माता-पिता समेत 5 गिरफ्तार
मोतिहारी सदर-1 एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार, मामला नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कोबरा पकड़िया टोला निवासी प्रमोद साहनी और उनकी पत्नी हिंदू देवी को गिरफ्तार किया है। दोनों को नवजात का माता-पिता बताया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने बलुआ गोपालपुर निवासी तान्या खातून उर्फ कुरेशा खातून को कथित बिचौलिया, घोड़ासहन थाना क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता शोभा सिंह और लाइन बसवरिया निवासी चिंता देवी को बच्चे को खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
8 अगस्त को हुआ था नवजात का जन्म
पुलिस के मुताबिक, नवजात का जन्म 8 अगस्त को हुआ था। जन्म के कुछ समय बाद ही उसे कथित तौर पर पैसों के लिए दूसरे परिवार को देने की कोशिश की गई। पुलिस कार्रवाई के बाद बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
फिलहाल नवजात को परिजनों की देखरेख में रखा गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
आशा कार्यकर्ता की भूमिका की भी जांच
मामले में एक आशा कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित खरीद-बिक्री में उसकी क्या भूमिका थी और क्या वह पहले भी इस तरह के किसी मामले में शामिल रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं यह घटना किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
