मुंबई: साउथ के पॉपुलर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले काफी समय से उनका नाम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन के साथ जोड़ा जा रहा है। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के डेटिंग करने की चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। अब दोनों की शादी को लेकर भी एक बड़ा दावा किया जा रहा है।
10 नवंबर को शादी का दावा
‘लेट्स सिनेमा’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन 10 नवंबर 2026 को शादी कर सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों ग्रीस में डेस्टिनेशन वेडिंग कर सकते हैं।
हालांकि, यह जानकारी अभी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है और अनिरुद्ध या काव्या मारन की ओर से शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अनिरुद्ध के मामा के बयान के बाद तेज हुई थीं चर्चाएं
अनिरुद्ध और काव्या के रिश्ते को लेकर चर्चाएं उस वक्त और तेज हो गई थीं, जब अनिरुद्ध के मामा और अभिनेता वाईजी महेंद्रन ने एक इंटरव्यू में उनकी शादी को लेकर बात की थी।
उन्होंने संकेत दिया था कि अनिरुद्ध की शादी जल्द हो सकती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर अनिरुद्ध और काव्या की शादी को लेकर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई थीं।
2025 में भी वायरल हुई थी रिलेशनशिप की खबर
यह पहली बार नहीं है जब दोनों के रिश्ते को लेकर खबरें सामने आई हैं। साल 2025 में एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि अनिरुद्ध और काव्या एक साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में हैं और शादी की योजना बना रहे हैं।
उस समय अनिरुद्ध ने इन खबरों को मजाकिया अंदाज में खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था, “शादी? अरे भाई, थोड़ा चिल करो, अफवाहें फैलाना बंद करो।”
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO हैं। वह सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। काव्या को अक्सर आईपीएल मैचों के दौरान अपनी टीम को सपोर्ट करते हुए देखा जाता है।
इसके अलावा वह अपनी बिजनेस समझ और प्रोफेशनल अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं।
म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं अनिरुद्ध
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित म्यूजिक कंपोजर हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों के लिए संगीत दिया है। उनकी दमदार बीट्स और गानों को दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है।
