नई दिल्ली: बादशाह और कॉमेडियन-होस्ट पारितोष त्रिपाठी को टीवी के कई रियलिटी शोज में देखा जा चुका है। जहां बादशाह कई शोज में जज की भूमिका में नजर आते हैं, वहीं पारितोष त्रिपाठी अपनी कॉमिक टाइमिंग और होस्टिंग के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, पारितोष ने अपने करियर से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया है, जो अब चर्चा में है।
स्टार प्लस ने कर दिया था शो रद्द
पारितोष त्रिपाठी ने बताया कि करीब पांच-छह साल पहले स्टार प्लस पर एक शो लाने की तैयारी थी, जिसमें उन्हें और बादशाह को चुना गया था। इस शो का कॉन्सेप्ट कविता और कॉमेडी पर आधारित था। इसमें लोग आकर कविताएं सुनाने और कॉमेडी करने वाले थे।
हालांकि, बाद में स्टार प्लस ने इस शो को रद्द कर दिया। पारितोष ने यह किस्सा ‘सास बहू और साजिश’ से बातचीत के दौरान साझा किया। उन्होंने कहा कि अगर उस समय चैनल ने उनका शो स्वीकार कर लिया होता तो शायद परिस्थितियां कुछ और होतीं।
कवि के तौर पर मिल रहे सम्मान से खुश हैं पारितोष
पारितोष त्रिपाठी स्टैंडअप कॉमेडियन होने के साथ-साथ कवि भी हैं। उनका कहना है कि आज उन्हें कवि के रूप में जो सम्मान और पहचान मिल रही है, उससे वह काफी खुश हैं। हालांकि, कई सालों से दिल में रखी इस बात का दर्द बातचीत के दौरान सामने आ गया।
हाल ही में पारितोष ने टीवीएफ के शो ‘कवि सम्मेलन’ में भी काम किया है। इस शो के 52 एपिसोड हैं और इसे यूट्यूब पर दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शो में अब तक हजरा राव, दिव्येंदु, राजपाल यादव और ‘गुल्लक’ सीरीज के कलाकारों समेत कई जाने-माने चेहरे नजर आ चुके हैं।
फिल्मों और टीवी शोज में भी कर चुके हैं काम
पारितोष त्रिपाठी अभिनेता और होस्ट होने के साथ अपनी कॉमेडी के लिए भी लोकप्रिय हैं। उन्हें ‘TRP मामा’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने ‘लूडो’, ‘जनहित में जारी’, ‘सेल्फी’, ‘योद्धा’, ‘हमारे बारह’ और ‘कुछ खट्टा हो जाए’ जैसी फिल्मों और कई टीवी/ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम किया है।
इसके अलावा वह ‘केस तो बनता है’ और ‘सुपर डांसर’ जैसे शोज का हिस्सा भी रह चुके हैं।
गानों को लेकर विवादों में रहे बादशाह
वहीं रैपर और सिंगर बादशाह भी अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ कई बार अपने गानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उनके कुछ गानों के बोल और पिक्चराइजेशन को लेकर विवाद भी हो चुके हैं। ‘टटीरी’ गाने को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसके बाद इसे हटा दिया गया था। बादशाह ने इस मामले में माफी मांगी और बाद में नए लिरिक्स के साथ गाना रिलीज किया।
पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहे बादशाह
बादशाह की निजी जिंदगी भी कई बार सुर्खियों में रही है। उनकी पहली शादी 2012 में जैस्मिन मसीह से हुई थी। दोनों की एक बेटी है, जिसका जन्म 2017 में हुआ। इसके बाद 2020 में दोनों का तलाक हो गया।
पारितोष त्रिपाठी के पुराने शो से जुड़ा यह खुलासा एक बार फिर उनके संघर्ष और करियर के सफर को चर्चा में ले आया है।
