कुकू कोहली के निधन से बॉलीवुड में शोक, सलमान खान ने दी श्रद्धांजलि

कुकू कोहली के निधन से बॉलीवुड में शोक, सलमान खान ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर कुकू कोहली अब हमारे बीच नहीं रहे। 25 अगस्त को 77 साल की उम्र में हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

कुकू कोहली के निधन पर अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी व अभिनेत्री अरुणा ईरानी के प्रति संवेदना जताई।

सलमान खान ने किया भावुक पोस्ट

सलमान खान ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कुकू कोहली को याद करते हुए लिखा, “कुकू जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। अरुणा जी, मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं। भगवान आपको इस मुश्किल वक्त में हिम्मत दे।”

सलमान के अलावा अजय देवगन ने भी कुकू कोहली को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया था।

अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया था

कुकू कोहली का बॉलीवुड में बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘फूल और कांटे’ से अजय देवगन को बतौर अभिनेता लॉन्च किया था।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और अजय देवगन को इसके लिए फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला।

अजय देवगन ने कुकू कोहली को याद करते हुए लिखा था कि कुछ लोग जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं और कुकू जी उनके लिए उन्हीं लोगों में से एक थे। उन्होंने कुकू कोहली का खुद पर विश्वास करने के लिए आभार जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‘फूल और कांटे’ थी कुकू कोहली की पहली निर्देशित फिल्म

‘फूल और कांटे’ कुकू कोहली की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। फिल्म में अजय देवगन के साथ मधू, अरुणा ईरानी, जगदीप और अमरीश पुरी जैसे कलाकार नजर आए थे।

कुकू कोहली ने इसके अलावा ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘हकीकत’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ थी, जो 2004 में रिलीज हुई थी।

अचानक आया हार्ट अटैक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुकू कोहली की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें 24 अगस्त को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अरुणा ईरानी के भाई बलराज ईरानी ने बताया कि कुकू उस समय ठीक थे, लेकिन अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और बात करते-करते वह गिर पड़े। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन 25 अगस्त की शाम करीब 5 बजे उनका निधन हो गया।

अंतिम विदाई में पहुंचीं बॉलीवुड की कई हस्तियांकुकू कोहली का अंतिम संस्कार 26 अगस्त को दोपहर में किया गया। पति को अंतिम विदाई देते समय अरुणा ईरानी काफी भावुक नजर आईं।

कुकू कोहली को श्रद्धांजलि देने के लिए रोहित शेट्टी, कैटरीना कैफ, विक्की कौशल, शाम कौशल और अशोक पंडित समेत बॉलीवुड की कई हस्तियां पहुंचीं।

संबंधित पोस्ट