मुंबई: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म लगातार चर्चा में है। ट्रेलर में अरुण गोविलको राजा दशरथ के किरदार में दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इसी बीच अभिनेता अजिंक्य देव ने खुलासा किया है कि उन्होंने भी इस भूमिका के लिए ऑडिशन दिया था।
Mid-Day को दिए एक इंटरव्यू में अजिंक्य देव ने बताया कि उन्होंने करीब तीन साल पहले दशरथ के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था। हालांकि, बाद में यह भूमिका अरुण गोविल को मिली।
अजिंक्य देव ने कहा, “मैंने दशरथ के रोल के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन बाद में यह किरदार अरुण जी को मिला और मुझे लगता है कि वह इस भूमिका के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं। इसके बाद मुझे विश्वामित्र का रोल ऑफर किया गया, जिसे मैंने तुरंत स्वीकार कर लिया क्योंकि मैं रामायण में इस किरदार के महत्व को अच्छी तरह समझता हूं।”
उन्होंने आगे बताया कि लुक टेस्ट के बाद मेकर्स उनके विश्वामित्र वाले लुक से काफी प्रभावित हुए। अजिंक्य ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह भूमिका उनके व्यक्तित्व के अनुरूप है और इसे निभाने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
स्टारकास्ट को लेकर चर्चा जारी
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका निभा रहे हैं।
ट्रेलर को मिला मिला-जुला रिस्पॉन्स
30 जुलाई को रिलीज हुए ट्रेलर को सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रिया मिली है। जहां यश के रावण और अरुण गोविल के दशरथ वाले किरदार की सराहना हो रही है, वहीं कुछ दर्शकों ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी के किरदारों को लेकर अपनी राय व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने बैकग्राउंड म्यूजिक, भावनात्मक प्रस्तुति और कुछ कॉस्ट्यूम डिजाइनों को लेकर भी चर्चा की है।
फिल्म दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
