देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में 85 सड़कें बंद हैं, जबकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। हालांकि, चारधाम यात्रा फिलहाल सुचारु रूप से जारी है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार, 2 से 7 अगस्त के बीच देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावतसहित कई जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
85 सड़कें बंद, बहाली का कार्य जारी
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की रिपोर्ट के अनुसार, लगातार बारिश के चलते प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, छह लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कें और 78 पीएमजीएसवाई व अन्य ग्रामीण सड़कें बंद हैं। संबंधित विभाग मशीनों की मदद से मार्गों को जल्द से जल्द खोलने में जुटे हुए हैं।
चारधाम यात्रा पर प्रशासन की नजर
बारिश के बावजूद बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शनिवार तक 45.75 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रशासन की एडवाइजरी
मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। जिला प्रशासन को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
