मुंबई: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ को लेकर फैंस का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म का दमदार टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में सैफ अली खान एक अंधे मार्शल आर्टिस्ट के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार का रहस्यमयी और खतरनाक अंदाज फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।
‘हैवान’ के टीजर में नहीं है कोई डायलॉग
फिल्म का टीजर बिना किसी डायलॉग के रिलीज किया गया है। इसमें सैफ का किरदार अपनी दूसरी इंद्रियों के जरिए खतरों को महसूस करता नजर आता है। वहीं, अक्षय कुमार के किरदार की पहली झलक काफी रहस्यमयी है। टीजर में खून से लथपथ हाथ का सीन भी देखने को मिलता है।
टीजर शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा, “वह खतरे को सुनता है, मैं ही खतरा हूं। अब जीत किसकी होगी, हीरो या हैवान?”
फिल्म के टीजर से पहले अक्षय ने एक नया पोस्टर भी शेयर किया था, जिसमें फिल्म की कहानी की मुख्य थीम बदले की भावना और ‘हीरो’ बनाम ‘हैवान’ के सवाल के इर्द-गिर्द नजर आती है।
अक्षय कुमार बने हैं विलेन, सैफ हैं हीरो
‘हैवान’ में अक्षय कुमार विलेन की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि सैफ अली खान फिल्म के हीरो हैं। सैफ का किरदार एक अंधे मार्शल आर्टिस्ट का है, जो एक खतरनाक परिस्थिति में फंस जाता है।
सैफ ने पहले अपने किरदार के बारे में बात करते हुए इसे अपने करियर के बेहतरीन किरदारों में से एक बताया था। उन्होंने कहा था कि वह अपने किरदार को एक ‘भारतीय अंधे समुराई’ के रूप में देखते हैं, जिसमें चीजों को महसूस करने और लड़ने की खास क्षमताएं हैं। कहानी में उनका किरदार एक छोटी बच्ची की रक्षा भी करता है।
2008 के बाद फिर साथ नजर आएंगे अक्षय-सैफ
‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। दोनों ने इससे पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’और ‘टशन’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। 2008 में रिलीज हुई ‘टशन’ के बाद दोनों की यह पहली बड़ी स्क्रीन वापसी है।
फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मोहनलाल का कैमियो भी होगा
‘हैवान’ की एक खास बात मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल का कैमियो भी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में मोहनलाल की स्पेशल अपीयरेंस देखने को मिलेगी।
फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन कर रहे हैं। ‘हैवान’ उनकी ही 2016 में आई मलयालम फिल्म ‘Oppam’ का हिंदी रूपांतरण है। ‘Oppam’ में भी एक अंधे किरदार की कहानी दिखाई गई थी, जो एक खतरनाक स्थिति में फंस जाता है और अपनी तेज इंद्रियों का इस्तेमाल करके चुनौतियों का सामना करता है।
11 सितंबर 2026 को रिलीज होगी ‘हैवान’
‘हैवान’ को KVN Productions और Thespian Films के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म को क्राइम, मिस्ट्री और एक्शन का मिश्रण बताया जा रहा है।
अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर सामने आने के बाद अब फैंस फिल्म की पूरी कहानी और अक्षय के रहस्यमयी किरदार को देखने के लिए उत्साहित हैं।
