बेंगलुरु: अभिनेता प्रकाश राज के वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के आरोपों पर अब चुनाव अधिकारियों ने सफाई दी है। अधिकारियों ने कहा है कि प्रकाश राज का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं गया है, बल्कि उन्हें ‘Shifted’ यानी दूसरी जगह चले गए के तौर पर मार्क किया गया है। यह कार्रवाई उस जांच के बाद की गई, जिसमें पाया गया कि वह अपने रजिस्टर्ड पते पर अब नहीं रह रहे हैं।
प्रकाश राज ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया था कि Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के दौरान उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।
16 जून को वोटर लिस्ट में दर्ज था नाम
अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी और बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका के कमिश्नर जगदीश के मुताबिक, 16 जून 2026 को SIR के लिए वोटर लिस्ट फ्रीज किए जाने के समय प्रकाश राज का नाम शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 1 में सीरियल नंबर 970 पर दर्ज था।
अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद Booth Level Officer (BLO) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि प्रकाश राज अपने रजिस्टर्ड पते नंबर 266, गार्डन अपार्टमेंट में पिछले कई वर्षों से नहीं रह रहे हैं।
पड़ोसियों और फ्लैट मालिक से भी हुई पूछताछ
चुनाव अधिकारियों ने प्रकाश राज के घर पर टीम के दौरे का वीडियो भी जारी किया है। इसमें एक पड़ोसी महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अभिनेता करीब चार वर्षों से दिए गए पते पर नहीं रह रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, BLO ने पड़ोसियों और प्रॉपर्टी मैनेजर से जानकारी जुटाई। फ्लैट के मालिक ने भी फोन पर पुष्टि की कि प्रकाश राज पिछले करीब चार साल से वहां नहीं रह रहे थे और फिलहाल फ्लैट में दूसरे किराएदार रह रहे हैं।
जांच के बाद मौके की रिपोर्ट यानी ‘महाजर’ तैयार की गई और प्रकाश राज का वोटर स्टेटस आधिकारिक तौर पर ‘Shifted’ मार्क कर दिया गया।
चुनाव अधिकारी ने प्रकाश राज से की फोन पर बात
कमिश्नर जगदीश ने बताया कि उन्होंने प्रकाश राज से फोन पर बात भी की थी। उनके मुताबिक, अभिनेता ने पुष्टि की कि वह बताए गए पुराने पते पर नहीं रहते हैं, बल्कि शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के ही किसी दूसरे पते पर रह रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई तय कानूनी प्रक्रिया और भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के तहत की गई है। साथ ही प्रकाश राज को अपने मौजूदा पते पर मतदाता के रूप में रजिस्टर करने के लिए Form 6 के जरिए आवेदन करने का विकल्प दिया गया है।
प्रकाश राज ने वीडियो में उठाए थे सवाल
इससे पहले प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पर करीब 95 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने दावा किया था कि वह कर्नाटक के उन करीब 65 लाख मतदाताओं में शामिल हैं, जिन्हें ‘Permanently Shifted’ की कैटेगरी में रखा गया है।
प्रकाश राज ने कहा था कि वह शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र में वोट देते हैं। उन्होंने बताया कि उनका जन्म और पालन-पोषण इसी इलाके में हुआ और उन्होंने अपनी स्कूली तथा कॉलेज की पढ़ाई भी यहीं से की है।
अभिनेता ने यह भी याद दिलाया कि वह 2019 के लोकसभा चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं।
हालांकि, चुनाव अधिकारियों की जांच के बाद अब उनका कहना है कि प्रकाश राज का नाम वोटर लिस्ट से डिलीट नहीं किया गया है, बल्कि पुराने पते पर नहीं रहने के कारण उन्हें ‘Shifted’ के रूप में मार्क किया गया है।
