नई दिल्ली: 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन टीम इंडिया की तैयारियों और कोच गौतम गंभीर की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने गंभीर का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप के लिए एक मजबूत टीम तैयार करने के लिए अभी पर्याप्त समय है और गंभीर हमेशा टीम तथा देश को सबसे आगे रखते हैं।
खराब नतीजों के बावजूद गंभीर का समर्थन
गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय टीम को घरेलू टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गंभीर के कार्यकाल में टीम के टेस्ट प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठे हैं।
हालिया इंग्लैंड और आयरलैंड दौरों के प्रदर्शन के बाद भी गंभीर आलोचकों के निशाने पर रहे। हालांकि, हरभजन सिंह का मानना है कि सिर्फ टीम के खराब प्रदर्शन के आधार पर कोच को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
‘कोच को अचानक निशाना क्यों बनाया जाता है?’
गंभीर के साथ जूनियर क्रिकेट के दिनों से खेलने वाले हरभजन सिंह ने कहा कि जब कोई कोच बनता है और टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं करती, तो अचानक उसी को निशाना बनाया जाने लगता है।
हरभजन ने कहा, “मुझे यह समझ नहीं आता कि जब कोई कोच बनता है और अगर टीम अच्छा ना खेले तो अचानक कोच को निशाना क्यों बनाया जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जितना वह गंभीर को जानते हैं, वह हमेशा जुनून के साथ काम करते हैं और एक खिलाड़ी के तौर पर भी उन्होंने हमेशा टीम को व्यक्तिगत हित से ऊपर रखा।
‘गौतम बहुत बढ़िया इंसान हैं’
हरभजन सिंह ने गंभीर के व्यक्तित्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर एक अच्छे इंसान हैं और उनके मन में जो होता है, वह उसे सीधे कह देते हैं।
हरभजन के मुताबिक, “गौतम बंदा बढ़िया है। जो दिल में है वो मुंह पे है। बहुत लोगों को लगता है कि वो कड़वी बातें बोलते हैं, लेकिन उनमें सच्चाई होती है और सच बहुत लोगों को पसंद नहीं आता।”
जूनियर क्रिकेट से साथ हैं हरभजन और गंभीर
हरभजन सिंह और गौतम गंभीर लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों ने जूनियर स्तर पर साथ क्रिकेट खेला और बाद में लंबे समय तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी किया।
इसी व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर हरभजन का मानना है कि गंभीर क्रिकेट की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि बतौर कोच गंभीर टीम के सभी खिलाड़ियों को एकजुट होकर और एक ही जुनून के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते होंगे।
2027 वर्ल्ड कप के लिए अभी काफी समय
हरभजन सिंह ने यह भी कहा कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप के आयोजन में अभी एक साल से ज्यादा का समय है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के पास एक मजबूत और संतुलित टीम तैयार करने का पर्याप्त मौका मौजूद है।
उनका समर्थन ऐसे समय में आया है जब गंभीर की कोचिंग और टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि आने वाले समय में भारतीय टीम का प्रदर्शन इन आलोचनाओं का जवाब किस तरह देता है।
