नागपुर: नागपुर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र से 2 अगस्त को लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने दिघोरी इलाके के एक किराए के मकान से गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद किया है। लड़की के हाथ पर चाकू के गहरे घाव और शरीर पर मारपीट के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी निर्भय उर्फ आकाश पाखरे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ठाणे निवासी आरोपी ने नाबालिग को दिघोरी स्थित किराए के कमरे में बुलाया था। आरोप है कि वहां उसने लड़की पर चाकू से हमला किया और उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता की करीब तीन साल पहले ऑनलाइन पहचान हुई थी, जो बाद में दोस्ती में बदल गई।
2 अगस्त को मिलने के लिए बुलाया था
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त को आरोपी ने नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया था। उसी दिन शाम तक लड़की अपने परिवार के संपर्क में थी और उसने बताया था कि वह अपनी सहेली के घर पर है। हालांकि, रात में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
इसके बाद परिजनों ने 2 और 3 अगस्त की मध्यरात्रि हुडकेश्वर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल लोकेशन के जरिए दोनों के दिघोरी इलाके में होने की जानकारी मिली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक Zomato डिलीवरी बॉय पर संदेह हुआ। पूछताछ में पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर और किराए के मकान का पता मिला।
इसके बाद डिलीवरी बॉय की मदद से पुलिस आरोपी के कमरे तक पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर नाबालिग गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हाथ पर चाकू के कई वार, शरीर पर मारपीट के निशान
पुलिस के अनुसार, लड़की के हाथ पर चाकू से कई वार किए गए थे और उसके शरीर पर मारपीट के निशान मिले। पिछले कुछ घंटों में उसके साथ लगातार मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। अस्पताल में इलाज के बाद उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी निर्भय पाखरे को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ठाणे के एक संपन्न परिवार से है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य सामान वह ठाणे से लेकर आया था या नागपुर में खरीदा था।
इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास नागपुर में कोई स्थानीय पहचान नहीं होने के बावजूद उसे किराए पर कमरा कैसे मिला। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
