PM Modi का Gen Z को संदेश, बोले- ‘रील और शॉर्टकट के दौर में ऑटोबायोग्राफी जरूर पढ़ें’

PM Modi का Gen Z को संदेश, बोले- ‘रील और शॉर्टकट के दौर में ऑटोबायोग्राफी जरूर पढ़ें’

Spread the love

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को Gen Z और देश की युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया और शॉर्टकट की दुनिया से आगे बढ़कर प्रेरणादायक जीवनियों और आत्मकथाओं को पढ़ना चाहिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आत्मकथा ‘Triumph of the Indian Republic: My Life, My Struggles’ के विमोचन के दौरान यह बात कही।

पीएम मोदी ने कहा कि देश को भविष्य में रामनाथ कोविंद जैसे लाखों युवाओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कोविंद राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद से सेवा मुक्त होने के बाद भी विश्राम नहीं कर रहे हैं और आज भी ‘एक देश, एक चुनाव’ (One Nation, One Election) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर काम कर रहे हैं तथा लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन का समाधान देश के लोकतंत्र में एक नया अध्याय शुरू कर सकता है। उन्होंने रामनाथ कोविंद के कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव को देश के लिए सीख बताया।

‘रील के जमाने में शॉर्टकट से बाहर निकलें’

युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज रील और सोशल मीडिया का दौर है, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स युवाओं को अलग-अलग चीजों की ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने युवाओं से शॉर्टकट की सोच से बाहर निकलने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा, “रील का जमाना है, सोशल मीडिया में इन्फ्लुएंसर आपको खींचकर कहीं-कहीं ले जाते हैं। शॉर्टकट से बाहर निकलें। मैं युवाओं से कहूंगा कि ऑटोबायोग्राफी जरूर पढ़ें।”

उन्होंने शॉर्टकट को लेकर रेलवे स्टेशनों पर लिखे संदेश का उदाहरण भी दिया। पीएम मोदी ने कहा कि वहां लिखा होता है, “Short cut will cut you short.” उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अगर उन्हें शॉर्टकट की सोच से बाहर निकलना है, तो अपनी पसंद के किसी भी व्यक्ति की आत्मकथा जरूर पढ़नी चाहिए।

रामनाथ कोविंद के जीवन से सीखने की बात

पीएम मोदी ने कहा कि सक्रिय सार्वजनिक जीवन के बीच आत्मकथा लिखने के लिए समय निकालना आसान नहीं होता, लेकिन रामनाथ कोविंद ने यह काम किया है। उन्होंने कहा कि कोविंद के जीवन में ऐसी कई बातें हैं, जिनसे गरीब और वंचित वर्ग से आने वाले लोग अपने जीवन की झलक देख सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साधारण परिवार भी मुश्किल परिस्थितियों में ईमानदारी और मूल्यों से समझौता किए बिना आगे बढ़ सकता है। कठिन समय में सीखे गए मूल्य जीवनभर रास्ता दिखाते हैं और यही मूल्य राष्ट्र सेवा की शक्ति देते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अलग-अलग संवैधानिक और सार्वजनिक पदों की जिम्मेदारी निभाते हुए रामनाथ कोविंद ने समाज को लगातार प्रेरणा दी है। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन और संघर्ष से सीख लेने की अपील की।

संबंधित पोस्ट