चंडीगढ़: पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (OFTEC) ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांटेड सदस्यों को मलेशिया से डिपोर्ट कराया है। तीनों आरोपियों को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जा रहा है।
हत्या और हैंड ग्रेनेड धमाके समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, विस्फोटक रखने और लुधियाना में सुनियोजित हैंड ग्रेनेड धमाके से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दावा किया है कि लुधियाना में हुए इस हैंड ग्रेनेड धमाके के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े थे। मामले में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
कौन हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी?
पंजाब पुलिस के अनुसार, मलेशिया से डिपोर्ट किए गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंहके रूप में हुई है। तीनों को भारत पहुंचने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया।
डीजीपी ने कहा- भगोड़ों को दुनिया में कहीं भी छिपने नहीं देंगे
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार काम कर रही है।
डीजीपी ने कहा कि भगोड़े अपराधी दुनिया में कहीं भी छिपे हों, पंजाब पुलिस उन्हें ढूंढकर कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
आतंकी साजिश भी नाकाम, 690 ग्राम IED बरामद
इससे पहले अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने पुलिस के एक ठिकाने को निशाना बनाने की कथित आतंकी साजिश को नाकाम किया था। पुलिस ने मौके से करीब 690 ग्राम वजन का इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया था।
IED के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का डिब्बा भी बरामद किया गया था। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा नियमों के तहत सुरक्षित तरीके से संभाला गया, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते ने IED को निष्क्रिय कर दिया।
साजिश में शामिल लोगों की तलाश जारी
इस मामले में संबंधित पुलिस थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस प्रदेश में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध पर रोक लगाने और राज्य में शांति, सुरक्षा एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
