मुंबई: टीवी अभिनेता पार्थ समथान ने सोशल मीडिया पर अपनी मानसिक और भावनात्मक स्थिति को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा की है। उनकी पोस्ट सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं और लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पोस्ट में बयां किया दर्द
पार्थ समथान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि पिछले तीन-चार दिन उनके लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद कठिन रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार रोना आ रहा है, सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है और नकारात्मक विचार मन में आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अब भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उनकी इस स्थिति की वजह क्या है।फैंस ने जताई चिंताएक्टर की पोस्ट वायरल होने के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई। कई लोगों ने उन्हें हिम्मत बनाए रखने, अपना ध्यान रखने और जरूरत पड़ने पर अपने करीबी लोगों से मदद लेने की सलाह दी।
टीवी इंडस्ट्री का लोकप्रिय चेहरा
पार्थ समथान ने ‘कैसी ये यारियां’ में माणिक मल्होत्रा के किरदार से लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में अनुराग बसु की भूमिका निभाकर उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। इसके अलावा वह ‘मैं हीरो बोल रहा हूं’ और ‘कहने को हमसफर हैं 2’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं।
इस शो में आ रहे हैं नजर
फिलहाल पार्थ समथान टीवी शो ‘सहर होने को है’ में माहिद का किरदार निभा रहे हैं। दिसंबर 2025 में शुरू हुए इस शो में उनके साथ ऋषिता कोठारी मुख्य भूमिका में हैं। कहानी एक ऐसी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तमाम सामाजिक बाधाओं के बावजूद डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना चाहती है।
