मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी जल्द ही फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आने वाली हैं। यह फिल्म उनके प्रेग्नेंसी के बाद बड़े पर्दे पर वापसी वाली फिल्मों में शामिल है। हाल ही में मुंबई में फिल्म के ऑडियो लॉन्च के दौरान लीड एक्टर यश ने कियारा आडवाणी की जमकर तारीफ की और शूटिंग के दौरान उनका खास ख्याल रखने का किस्सा साझा किया।
यश ने बताया कि फिल्म की शूटिंग काफी चुनौतीपूर्ण थी। ऐसे में वह और फिल्म की डायरेक्टर गीतू मोहनदास कियारा की सेहत को लेकर काफी सतर्क रहते थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दोनों सेट पर कियारा के “बाउंसर और बॉडीगार्ड” बन गए थे।
कियारा की प्रोफेशनलिज्म की यश ने की तारीफ
यश ने कियारा को बेहद प्रोफेशनल एक्ट्रेस बताते हुए कहा कि फिल्म की शूटिंग काफी डिमांडिंग थी। इसलिए शुरुआत में वह कियारा को लेकर थोड़े चिंतित थे।
यश के मुताबिक, पहली बार बातचीत के दौरान उन्होंने कियारा से पूछा था कि क्या उन्होंने कभी बारिश में शूटिंग की है। कियारा ने बताया था कि उन्होंने ऐसा शूट पहले नहीं किया था। यश ने कहा कि उस समय उन्हें लगा था कि यह शूट आसान और अच्छा रहेगा, लेकिन बाद में कियारा को देखकर उन्हें एहसास हुआ कि शूटिंग कितनी मुश्किल होने वाली है।
‘हम उनके बाउंसर और बॉडीगार्ड बन गए थे’
यश ने कियारा के समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म के लिए पूरी मेहनत की। उन्होंने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी कियारा ने फिल्म के प्रति पूरी प्रतिबद्धता दिखाई।
यश ने कहा, “जिस तरह से कियारा ने खुद को इस फिल्म के लिए डेडिकेट किया, वो काबिल-ए-तारीफ है। प्रेग्नेंट होने के बाद भी वो 100 परसेंट कमिटमेंट के साथ सेट पर आईं। मैं और गीतू उनकी हेल्थ को लेकर ज्यादा चिंतित रहते थे। हम सेट पर उनके बाउंसर और बॉडीगार्ड बन गए थे और उनका पूरा ख्याल रखते थे। उन्होंने फिल्म के लिए सच में बहुत मेहनत की है। थैंक यू कियारा।”
‘तबाही’ गाने को लेकर ट्रोल हुई थीं कियारा
फिल्म का गाना ‘तबाही’ रिलीज होने के बाद कियारा आडवाणी को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। गाने में यश के साथ उनके इंटीमेट सीन्स को लेकर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई थी।
पिछले हफ्ते बेंगलुरु में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने कियारा का बचाव भी किया था। उन्होंने कहा था कि एक कलाकार के तौर पर कई तरह की परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है। उनके मुताबिक, कलाकार को वही करना चाहिए, जिस पर उसे भरोसा हो, क्योंकि दर्शक उस काम को पसंद भी कर सकते हैं और उसकी तारीफ भी कर सकते हैं।
‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगे ये सितारे
‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं। फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और नयनतारा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
