चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में परिसीमन को लेकर एक प्रस्ताव पेश किया है। प्रस्ताव में केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को स्थायी रूप से बनाए रखने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण लागू करने वाले राज्यों को परिसीमन का नुकसान नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री विजय ने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने में अब और देरी नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण कोई रियायत नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है।
विजय ने अपने प्रस्ताव में 2029 के लोकसभा चुनावों से ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह आरक्षण लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाओं ने मतदान किया है। ऐसे में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को बिना किसी और देरी के लागू किया जाना चाहिए।
DMK ने किया प्रस्ताव का समर्थन
तमिलनाडु सरकार के इस प्रस्ताव का विपक्षी दल DMK ने भी समर्थन किया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन के खिलाफ पेश किए गए प्रस्ताव का स्वागत करती है।
उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि लोकसभा में तमिलनाडु का मौजूदा 7.18 प्रतिशत प्रतिनिधित्व कम नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव क्षेत्रों के परिसीमन के नाम पर राज्य के सांसदों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अगले 25 वर्षों तक चुनाव क्षेत्रों का परिसीमन नहीं करने की मांग का भी समर्थन किया। साथ ही उन्होंने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि तमिलनाडु पर परिसीमन का कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ना चाहिए।
परिसीमन को लेकर केंद्र की तैयारी
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार मौजूदा मानसून सत्र में परिसीमन से जुड़ा बिल लाने की तैयारी में थी। हालांकि, संसद में विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच सरकार फिलहाल इस फैसले को टालती हुई नजर आ रही है।
परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों की ओर से लगातार चिंता जताई जा रही है। इन राज्यों का तर्क है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को भविष्य में लोकसभा सीटों के पुनर्वितरण से नुकसान नहीं होना चाहिए।
