जयपुर: पिंक सिटी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 25 सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को एक युवती ने ग्राहक बनकर अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप में पहुंची युवती
यह घटना झोटवाड़ा इलाके के निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर की भवानी ज्वैलर्स की बताई जा रही है। दुकान के मालिक त्रिलोक चंद प्रजापतके मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे एक युवती ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई।
युवती ने दुकानदार से सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। इसके बाद दुकानदार ने करीब 25 अंगूठियों से भरा एक बॉक्स उसके सामने रख दिया। इन अंगूठियों की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
दो अंगूठियां पसंद करने का किया नाटक
दुकान में पहुंचने के बाद युवती ने दो अंगूठियां पसंद करने का नाटक किया। इसके बाद उसने कहा कि वह अपने पिता से ऑनलाइन पेमेंटकरवाएगी। इसी बहाने वह कुछ देर तक दुकान में समय बिताती रही।
इसी दौरान दुकानदार दूसरे ग्राहक से बातचीत में व्यस्त हो गया। मौका मिलते ही युवती ने अंगूठियों से भरा पूरा बॉक्स उठाया और दुकान से बाहर निकलकर सड़क की तरफ दौड़ लगा दी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
युवती के दुकान से बॉक्स लेकर फरार होने की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में वारदात का तरीका देखकर लोग भी हैरान हैं। घटना के बाद दुकान मालिक ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर युवती की पहचान और उसके फरार होने के रास्ते की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी के बाद इलाके के ज्वेलर्स में भी चिंता का माहौल है।
