नई दिल्ली: राजधानी में हुए प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूरे घटनाक्रम पर दिनभर नजर बनाए रखी। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने गृह मंत्रालय, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा और स्थिति की पल-पल की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन की स्थिति, भीड़ की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी हर अहम जानकारी गृह मंत्री को लगातार उपलब्ध कराई जाती रही। इसके आधार पर समय-समय पर आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को पहले से स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि प्रदर्शनकारियों से निपटते समय अधिकतम संयम बरता जाए और किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाए।
इसके साथ ही अमित शाह ने यह भी निर्देश दिया था कि यदि हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो जाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कोई दूसरा विकल्प न बचे, तभी न्यूनतम आवश्यक बल का इस्तेमाल किया जाए। इसी रणनीति के तहत पूरे दिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं और हालात के अनुसार आवश्यक कदम उठाए।
