नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जिसमें एक युवक ने अपने ही जीजा को आर्म्स एक्ट के झूठे मामले में फंसाने के लिए कथित तौर पर उसके किराये के मकान में चोरी-छिपे तीन देसी पिस्टल छिपा दीं। आरोपी ने फर्जी नाम से पुलिस को सूचना देकर छापा भी पड़वाया, जिसके बाद शुरुआती कार्रवाई में जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गहन जांच के बाद पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहम्मद वसीम अपनी बहन की शादी से नाराज था। उसकी बहन ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मोहम्मद अशरफसे विवाह किया था। इसी रंजिश के चलते वसीम ने कथित तौर पर अशरफ को जेल भिजवाने की योजना बनाई और अलग-अलग समय पर उसके घर में तीन देसी पिस्टल छिपा दीं।
जांच के मुताबिक, आरोपी ने ‘अर्जुन’ नाम का इस्तेमाल कर पुलिस को सूचना दी कि अशरफ के घर में अवैध हथियार रखे हुए हैं। सूचना मिलने पर 16 जुलाई को पुलिस ने छापा मारा और एक देसी पिस्टल बरामद होने पर अशरफ को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एफआईआर की आगे की जांच के दौरान पुलिस को मामले में संदेह हुआ। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए वसीम ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि जीजा को फंसाने के लिए उसी ने हथियार घर में छिपाए थे और पुलिस को झूठी सूचना दी थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस दोबारा अशरफ के घर पहुंची। मकान मालिक और अशरफ की मौजूदगी में हुई तलाशी के दौरान दो और देसी पिस्टल बरामद हुईं। इससे पहले एक पिस्टल पहले ही बरामद की जा चुकी थी। इस तरह कुल तीन देसी पिस्टल घर से बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद वसीम के खिलाफ वेलकम थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच इस बात की भी की जा रही है कि आरोपी ने ये हथियार कहां से हासिल किए और क्या इस कथित साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
