हज-2027: दिल्ली के 2,706 यात्रियों का चयन

हज-2027: दिल्ली के 2,706 यात्रियों का चयन

Spread the love

नई दिल्ली: हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले दिल्ली के हजारों लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने लॉटरी प्रक्रिया के बाद चयनित यात्रियों की सूची जारी कर दी है। इस बार राजधानी दिल्ली से 2,706 आवेदकों का चयन हज यात्रा के लिए किया गया है। चयनित यात्रियों को अपनी सीट सुरक्षित रखने के लिए 10 अगस्त तक ₹1,52,300 की अग्रिम राशि जमा करनी होगी।

देशभर में हज-2027 के लिए प्राप्त आवेदनों की लॉटरी पूरी होने के बाद करीब 1.22 लाख यात्रियों का चयन किया गया है। इनमें दिल्ली के 2,706 आवेदकों को भी हज यात्रा का अवसर मिला है। चयन सूची जारी होने के साथ ही आगे की औपचारिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने चयनित यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यात्रा से पहले और यात्रा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों को समय पर जरूरी जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी के अनुसार, चयनित 2,706 यात्रियों में 440 वरिष्ठ नागरिक ऐसे हैं जिनकी आयु 65 वर्ष से अधिक है। इसके अलावा 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की 34 महिलाएं, जो बिना महरम हज यात्रा करेंगी, उनका भी चयन हुआ है। वहीं 81 बैकलॉग श्रेणी और 2,151 सामान्य श्रेणी के आवेदकों को भी हज यात्रा का अवसर मिला है।

10 अगस्त तक जमा करें अग्रिम राशि

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने निर्देश दिया है कि सभी चयनित यात्री 10 अगस्त तक ₹1,52,300 की अग्रिम हज राशि जमा करें। यह भुगतान हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में भी राशि जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।

समय पर भुगतान नहीं करने पर चयन हो सकता है रद्द

हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि तक अग्रिम राशि जमा नहीं करने वाले यात्रियों का चयन स्वतः निरस्त किया जा सकता है। इसलिए सभी चयनित आवेदकों को समय रहते भुगतान प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

अतिरिक्त कोटे से दिल्ली को मिला लाभ

हज-2027 के लिए दिल्ली से कुल 5,306 आवेदन प्राप्त हुए थे। आबादी के आधार पर दिल्ली का निर्धारित हज कोटा 1,241 सीटों का था। हालांकि अन्य राज्यों के अवशिष्ट कोटे से अतिरिक्त सीटें मिलने के कारण 1,465 अतिरिक्त आवेदकों का भी चयन संभव हो सका। इसी के चलते इस वर्ष दिल्ली से कुल 2,706 यात्रियों को हज यात्रा का अवसर मिला।

संबंधित पोस्ट