खाने में हुई देरी से भड़का देवर! मामूली विवाद में भाभी की गड़ासे से हत्या

खाने में हुई देरी से भड़का देवर! मामूली विवाद में भाभी की गड़ासे से हत्या

बिहार: बिहार के जहानाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खाना मिलने में हुई देरी को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि देवर ने अपनी ही भाभी पर गड़ासे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

घटना परस बिगहा थाना क्षेत्र के इमामपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी देवर कुणाल कुमार नशे की हालत में था और उसने अपनी भाभी से खाना मांगा। खाना मिलने में थोड़ी देर होने पर वह नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि गुस्से में कुणाल ने घर में रखा गड़ासा उठाया और अपनी भाभी पर हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन कट गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने के बजाय कथित तौर पर घर के पास ही एक पेड़ के नीचे बैठा रहा।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है।

मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंशु देवी, इमामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी के रूप में बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

संबंधित पोस्ट